भाजपा जिला कार्यालय में मिला कार्यालय प्रभारी का शव, मचा हड़कंप35 वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे रामचंद्र यादव का निधन, मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी साफ




आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय परिसर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय प्रभारी रामचंद्र यादव (57) का शव उनके कमरे में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान रामचंद्र यादव पुत्र होरी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक जब उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों को चिंता हुई। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर रामचंद्र यादव मृत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद पूरे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने आत्महत्या की आशंका जताई, हालांकि भाजपा पदाधिकारियों ने इसे खारिज करते हुए हार्ट अटैक से मौत की आशंका व्यक्त की।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि रामचंद्र यादव पिछले करीब 35 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए थे। पुराने भाजपा कार्यालय में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। वर्ष 2019 में नए जिला कार्यालय के निर्माण के बाद से वह कार्यालय प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता खो दिया है।
सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामचंद्र यादव के निधन के चलते भाजपा के सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार राजघाट पर किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post