नदी किनारे जंगल में पेड़ से लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप






संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर

आजमगढ़ निजामाबाद थाना क्षेत्र के चंदा भारी गांव में शुक्रवार सुबह नदी किनारे स्थित जंगल में एक पेड़ से लटका अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी। चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीण नदी किनारे जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ से लटके शव पर पड़ी। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तत्काल ग्राम प्रधान और पुलिस को दी गई। मृतक के शरीर पर हाफ शर्ट और हाफ पैंट थी।

सूचना मिलते ही निजामाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसके बाद मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटाई गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि घटना कई दिन पुरानी हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post