संवाददाता,, नफीस खान
3900 रुपये नहीं, 3.90 लाख के 240 कपड़े बरामद; चोरी का पूरा माल पुलिस ने किया जब्त
मुंबई: खार पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने कपड़ा चोरी के दो मामलों का पर्दाफाश करते हुए नाशिक से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शर्ट, पैंट, स्वेटर, जींस पैंट और ट्रैक पैंट समेत कुल 240 नग कपड़े बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 3 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में चोरी गया 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर 2026 को खार पश्चिम स्थित शुभ्रा अपार्टमेंट के दुकान नंबर 2 में कुछ लोग कपड़े खरीदने के बहाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता राजेश नरसी पटेल की दुकान से बड़ी मात्रा में कपड़े चोरी कर लिए। चोरी के दौरान आरोपियों ने कोई स्पष्ट सबूत नहीं छोड़ा था, जिससे पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई थी।
मामले की जांच के दौरान खार पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में उनके नाशिक के कुरेशी नगर इलाके में मौजूद होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने भद्रकाली पुलिस थाने, नाशिक की मदद से कार्रवाई करते हुए 7 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों से बरामद माल की पहचान कर दोनों मामलों में चोरी गई संपत्ति को शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। जांच में आरोपियों का वडाला तथा आर.ए. किडवाई मार्ग पुलिस थाने की सीमा में हुई इसी तरह की चोरी की घटनाओं से भी संबंध सामने आया है।
इस कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त डॉ. मोहितकुमार गर्ग और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष काटे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक शैलेश चौधरी, अपराध प्रकटीकरण अधिकारी तथा उनकी टीम ने अंजाम दिया।
Post a Comment