आजमगढ़ में दर्दनाक हादसों से मचा कोहराम, मासूम समेत कई की मौतलालगंज में कार-ट्रक की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौत, निजामाबाद में बाइक सवार ने तोड़ा दम रानी की सराय में महिला और दो बच्चों की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप




आजमगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दर्दनाक हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। लालगंज, निजामाबाद, मुबारकपुर, जहानागंज, फूलपुर और रानी की सराय में हुई घटनाओं से जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। कहीं सड़क हादसे में लोगों की जान चली गई, तो कहीं सर्पदंश और ट्रेन की चपेट में आने से मौतों ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। इन घटनाओं में मासूम बच्चे से लेकर वयस्क तक काल के गाल में समा गए।
लालगंज में कार-ट्रक की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौत
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर ओवरब्रिज से उतरते समय स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार शीतल और रोहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परवीन कुमार, शाहील और विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक जौनपुर जिले के केराकत क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
निजामाबाद में तेज रफ्तार कार ने ली बाइक सवार की जान
निजामाबाद थाना क्षेत्र में बघाड़ी नदी के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार विनोद बनवासी (27) की मौत हो गई। बताया जाता है कि विनोद अपने मित्र सूरज और बृजेश को घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक कार की चपेट में आ गई। हादसे में विनोद की जान चली गई, जबकि उसके दोनों मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मुबारकपुर में घर के अंदर फंदे से लटका मिला युवक का शव
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के कस्बा सराय मोहल्ले में बुधवार सुबह 42 वर्षीय अशोक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सर्पदंश से कक्षा एक के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जहानागंज थाना क्षेत्र के हथौटा गांव में मां और भाई के साथ सो रहे कक्षा एक के छात्र प्रिंस यादव को रात में सांप ने डस लिया। सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा रहा।
फूलपुर में बाइक की टक्कर से घायल महिला ने लखनऊ में तोड़ा दम
फूलपुर थाना क्षेत्र के भोरमऊ नहर पुलिया के पास 19 अक्टूबर को बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल 51 वर्षीय सिंगारी देवी की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। हादसे के बाद से उनका उपचार चल रहा था। महिला की मौत के बाद उनके पति की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
रानी की सराय में ट्रेन की चपेट में आने से महिला और दो बच्चों की मौत, स्टेशन पर मचा हड़कंप
रानी की सराय रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला और उसके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस और आरपीएफ मृतकों की शिनाख्त करने के साथ ही घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी थीं।
एक दिन में कई हादसों से दहला जनपद
जिले के अलग-अलग इलाकों में हुई इन दर्दनाक घटनाओं ने कई परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया। सड़क हादसों, सर्पदंश और ट्रेन दुर्घटना में अपनों को खोने वाले परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक के बाद एक सामने आई इन घटनाओं से जनपद में शोक का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post