हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर गोवंश की आवाजाही वाहन चालकों के लिए खतरा बनती जा रही है। पचदेवरा थाना क्षेत्र में कुरारी और बरुआरा के बीच अंडरपास के पास सोमवार भोर में गोवंश से टकराने के बाद कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार सवारों के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे की सूचना पर सुबह एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाया गया। मृत गोवंश को भी वहां से हटाया गया। टोल प्लाजा-146 के कंट्रोल रूम के अनुसार हादसे में केवल कार क्षतिग्रस्त हुई है, किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय पुलिस को हादसे की जानकारी नहीं होने की बात भी सामने आई है।
इसी स्थान के आसपास रविवार भोर में भी गोवंश से टकराने के बाद कार हादसे का शिकार हुई थी। उसमें चालक समेत तीन लोग घायल हुए थे। रविवार दोपहर एक्सप्रेसवे पर गोवंश घूमते हुए दिखाई देने का वीडियो भी सामने आया था। इसके बावजूद सोमवार को उसी क्षेत्र में फिर हादसा हो गया।लगातार दूसरे दिन हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वाहन चालकों और ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक गोवंश के सामने आने से बड़ा हादसा हो सकता है।
!!हादसे का वीडियो बनाने से रोकने का आरोप!!
सोमवार को दुर्घटनास्थल पर हादसे का वीडियो बनाने से रोकने का आरोप भी सामने आया। स्थानीय सूत्र के मुताबिक एक्सप्रेसवे के एक कर्मचारी ने उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
लगातार दूसरे दिन गोवंश के कारण हादसा होने से यूपीडा के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों और वाहन चालकों ने एक्सप्रेसवे पर गोवंश की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग की है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment