मुंबई। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मद्देनजर पायधुनी पुलिस स्टेशन में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व एसीपी रेणुका बुवा ने किया। इसमें पुलिस अधिकारियों के साथ मोहल्ला कमेटी के सदस्यों ने भी सहभागिता की।
बैठक में ईद-ए-मिलादुन्नबी के दौरान आयोजित होने वाले जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द कायम रखने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने मोहल्ला कमेटी के सदस्यों से अपील की कि त्योहार के दौरान प्रशासन का सहयोग करें और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है। मोहल्ला कमेटी के सदस्यों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
संवाददाता जावेद शेख
Post a Comment