सरकारी स्कूल की छात्राओं से शिक्षिका बच्चे का डायपर बदलवाने, अपने पैर धुलवाने का आरोप






शाहजहांपुर/तिलहर। प्राथमिक विद्यालय खनपुरा में तैनात एक सहायक अध्यापिका पर कक्षा चार की छात्राओं से घरेलू काम कराने, मारपीट करने और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। छात्राओं के चाचा ने थाना तिलहर में तहरीर देकर शिक्षिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार, शिकायतकर्ता की भतीजियां कक्षा चार में प्राथमिक विद्यालय खनपुरा में पढ़ती हैं। आरोप है कि विद्यालय की सहायक अध्यापिका छात्राओं से अपने सिर की जुएं निकलवाने, झाड़ू लगवाने और अपने बच्चे की देखभाल कराने के साथ डायपर बदलवाने जैसे काम कराती हैं। आरोप है कि शिक्षिका छात्राओं को अपमानजनक शब्द कहती हैं और पैर दबाने के लिए भी कहती हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि छात्राओं ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद 11 अगस्त को परिजन विद्यालय पहुंचे और शिक्षिका से शिकायत की। आरोप है कि शिक्षिका ने वहां भी परिजनों से अभद्रता की और कहा कि जहां शिकायत करनी हो कर लें, उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय की छुट्टी के बाद शिक्षिका शिकायतकर्ता के घर पहुंचीं और परिजनों को धमकी दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और छात्राओं के बयान की वीडियोग्राफी उपलब्ध होने की बात भी कही है।
शिकायतकर्ता संतोष कुमार ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

!!आरोपी टीचर ने भी पुलिस में की शिकायत!!

टीचर प्रिया सिंह ने भी थाने में तहरीर दी है। कहा 11 अगस्त को वह स्कूल में बच्चों को पढ़ा रही थीं। नजरपुर के रहने वाले अरविंद और शिवकुमार अन्य साथियों के साथ स्कूल में आए और मेरा नाम लेकर बुलाया। कुछ समझ पाते इसी बीच वो लोग वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर कहा- इस वीडियो से तुम्हारी नौकरी खाएंगे। प्रिया सिंह ने वीडियो बनाने की शिकायत अपने पापा और भाई से करने की धमकी दी। पीड़िता ने कहा- उस समय स्कूल में अन्य शिक्षक भी मौजूद थे।

!!बीएसए बोले जांच के बाद होगी कार्रवाई!!
बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। सीओ तिलहर विदूषा सक्सेना ने कहा- मामला उनके संज्ञान में नहीं है। थाने से मामले की जानकारी लेने की बात आगे की कार्रवाई करवाएंगे।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post