संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। बिजली आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मुख्य अभियंता इं. रामबाबू ने कड़ा रुख अपनाते हुए विभागीय कार्रवाई की है। ट्रांसफॉर्मर जलने की घटनाओं के बावजूद समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी न करने के मामले में दो उपखंड अधिकारियों (एसडीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि दो अवर अभियंताओं (जेई) को चार्जशीट दी गई है। साथ ही संबंधित क्षेत्रों के संविदा लाइनमैन का दो दिन का मानदेय भी रोक दिया गया है।
मुख्य अभियंता ने बताया कि मेंहनगर के एसडीओ प्रीतम चौरसिया तथा महराजगंज के एसडीओ बृजेश राव अपने-अपने क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर खराब होने की घटनाओं के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे थे। वहीं जेई चित्रसेन प्रसाद और मनोज गुप्ता द्वारा भी समय पर आवश्यक प्रस्ताव (पीआर) नहीं भेजा गया।
उन्होंने कहा कि यदि ट्रांसफॉर्मर जलने के तुरंत बाद समय से पीआर भेज दिया जाता, तो खराब ट्रांसफॉर्मर शीघ्र बदले जा सकते थे और उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ता।
मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी सख्त विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment