अयोध्या श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी और कथित अनियमितताओं की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) में उत्तर प्रदेश सरकार ने अहम बदलाव किया है। सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से पहले शासन ने नई एसआईटी का गठन करते हुए जांच टीम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शामिल किया है।
नई एसआईटी में लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस के साथ अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन वर्मा और अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर को सदस्य बनाया गया है। वहीं, पहले जांच दल में शामिल लखनऊ मंडल के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और विशेष सचिव (वित्त) नील रतन कुमार को टीम से हटा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को इस मामले की सुनवाई प्रस्तावित है। ऐसे में सरकार नई एसआईटी के गठन की जानकारी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर सकती है।
गौरतलब है कि श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की राशि के संग्रहण, रखरखाव और अभिलेखों में कथित अनियमितताओं एवं चोरी के आरोप सामने आने के बाद मामले ने व्यापक चर्चा बटोरी थी। निष्पक्ष जांच की मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया था।
अब जांच को अधिक प्रभावी और आपराधिक पहलुओं की गहराई से पड़ताल करने के उद्देश्य से प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारियों की जगह दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को टीम में शामिल किया गया है। नई एसआईटी पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
मिडिया रिपोर्ट एम एस जाविर.
Post a Comment