MBBS एडमिशन दिलाने के नाम पर 42 लाख की ठगी करने वाला वांटेड आरोपी मुंबई से गिरफ्तार




मुंबई: सर जे.जे. मार्ग पुलिस ने MBBS शिक्षा में एडमिशन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु भुजंग कुंद्रेकर (59 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2024 में MBBS में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 42 लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में सर जे. जे. मार्ग पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पिछले करीब 12 वर्षों से महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली सहित अन्य राज्यों के 18 से 20 मामलों में वांछित है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में एडमिशन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी मुंबई में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में सर जे.जे. मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई। 

संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post