शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश पुलिस में भ्रष्टाचार का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने महकमे को शर्मसार कर दिया है। शाहजहांपुर जिले के गंभीर रंगीन थाने में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने छापेमारी कर एक सिपाही को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। वहीं, टीम को देखते ही थाने के प्रभारी (एसओ) दीवार फांदकर फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फरार थानेदार को सस्पेंड कर दिया है।
*क्या है पूरा मामला?*
गंभीर रंगीन थाने के प्रभारी अश्विनी कुमार एक हत्या के मामले की जांच (विवेचना) कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने केस के नाम पर धन उगाही की योजना बनाई और बरेली के रहने वाले सुधांशु कुमार को मामले में फंसाने की धमकी दी।
थानेदार के इस खेल में करीब डेढ़ महीने पहले पुलिस विभाग में भर्ती हुआ नया सिपाही विवेक कुमार भी शामिल हो गया। बताया जा रहा है कि सिपाही विवेक जल्द से जल्द एक काली स्कॉर्पियो कार खरीदना चाहता था और इसी लालच में उसने थानेदार के कहने पर सुधांशु से संपर्क साधा। सिपाही ने सुधांशु से कहा, "अगर जेल जाने से बचना है, तो 35 हजार रुपये लेकर थाने आ जाओ।"
एंटी करप्शन टीम का बिछाया जाल
खुद को बेकसूर मानने वाले सुधांशु कुमार ने रिश्वत देने के बजाय एंटी करप्शन ब्यूरो से इसकी शिकायत कर दी। योजना के मुताबिक, दोपहर को सुधांशु 35 हजार रुपये की गड्डी लेकर थाने के एक कमरे में पहुंचे।
रंगे हाथ गिरफ्तारी: जैसे ही सिपाही विवेक कुमार ने नोटों की गड्डी थामी, पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन की टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
मिल्खा सिंह' बने थानेदार, रो पड़ा सिपाही
सिपाही के पकड़े जाने की भनक लगते ही थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने आव देखा न ताव और थाने की ऊंची दीवार फांदकर रफूचक्कर हो गए। एंटी करप्शन टीम के हत्थे चढ़ा नया सिपाही विवेक कुमार मौके पर ही रोने लगा। उसने गिड़गिड़ाते हुए टीम से कहा, "साहब, हम तो नए हैं... थानेदार साहब के चक्कर में फंस गए।"
एसपी की सख्त कार्रवाई, मुकदमा दर्ज
इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार थाना प्रभारी अश्विनी कुमार को सस्पेंड कर दिया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने फरार थानेदार और गिरफ्तार सिपाही दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
फिलहाल, पुलिस की टीमें फरार 'मिल्खा सिंह' बने थानेदार की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
Post a Comment