लखनऊ अग्निकांड के मृतक छात्र-छात्राओं एवं अन्य दिवंगतों को राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, निकला कैंडल शांति मार्च




गोरखपुर, लखनऊ में हुए हृदयविदारक अग्निकांड में मृतक छात्र-छात्राओं सहित सभी दिवंगतों की पावन स्मृति में राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी द्वारा गांधी प्रतिमा, टाउनहाल, गोलघर, गोरखपुर पर एक शोक श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल शांति मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्त्ताओं के साथ ही शहर के युवा, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षक, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का आयोजन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं सचिव अनीश पटेल के संचालन में सम्पन्न हुआ। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत गांधी प्रतिमा से शांति पदयात्रा निकाली गई, जिसमें लोगों ने मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक एकजुटता एवं पीड़ित परिवारों के प्रति समर्थन का संदेश दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि लखनऊ अग्निकांड केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीर चिंतन का विषय है। इस भीषण हादसे में जिन मासूम छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनकी क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने बच्चे को खो देना जीवन का सबसे बड़ा दुःख होता है और आज पूरा प्रदेश उन परिवारों के दुःख में सहभागी है। श्री पाण्डेय ने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस घटना की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा जो भी व्यक्ति या संस्था सुरक्षा मानकों की अनदेखी के लिए जिम्मेदार पाई जाए,उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सम्मानजनक आर्थिक सहायता के मे 1 -1 करोड़ दिया जाये, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग किया। साथ ही प्रदेश के सभी विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, सार्वजनिक भवनों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की विशेष जांच अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
सभा के अंत में उपस्थित जनसमूह ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने का संकल्प भी लिया। इस दौरान मुख्य रूप मे- सुनील मणि त्रिपाठी, अखिलेश मल्ल,अनीश पटेल, शिव नारायण जायसवाल, सत्यम निषाद,राहुल मिश्रा विवेक पाण्डेय, श्रीराम गुप्ता, सूरज पाण्डेय, विश्वजीत भारती, श्याम सुन्दर पाण्डेय, मनोज सिंह, वीरेंदर गुप्ता सुयश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहें ।

Post a Comment

Previous Post Next Post