गाजीपुर सैदपुर सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव के साथ सोमवार शाम क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित उनके कक्ष में कथित तौर पर मारपीट, दुर्व्यवहार और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने बंदूक के बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पीड़ित ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर पुलिस ने औड़िहार निवासी देवराज सिंह ठाकुर, उनके पुत्र नितेश सिंह उर्फ भोनू, भतीजे राजन सिंह, सोनू सिंह, सर्वेश यादव समेत आठ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया गया कि सोमवार शाम करीब चार बजे हीरा सिंह यादव अपने कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान निर्माण कार्य से संबंधित एक फाइल उनके पास लाई गई, जिसे उन्होंने वापस कर दिया। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर देवराज सिंह ठाकुर अपने समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे और पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। इंकार करने पर गाली-गलौज, मारपीट और बंदूक के कुंदों से हमला किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने घायल ब्लॉक प्रमुख को सुरक्षा के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराकर उपचार कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख के यहां रहने वाला सर्वेश यादव किसी विवाद को लेकर नाराजगी का कारण बना था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सर्वेश यादव ने फोन कर ब्लॉक प्रमुख को बुलाया, जिसके बाद आरोपियों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
मिडिया रिपोर्ट ए के सिह.
Post a Comment