कांट में टायर फटने से पलटा मैजिक लोडर, दो सब्जी विक्रेताओं की मौत




कांट  कुर्रियाकलां। शाहजहांपुर-जलालाबाद हाईवे पर जश्नपुर गांव के पास सब्जी से भरी मैजिक लोडर टायर फटने से पलट गया। हादसे में कांट थाना क्षेत्र के गांव बबौरी निवासी 44 वर्षीय रामप्रकाश और खपटी गांव निवासी 60 वर्षीय खुशीराम की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सब्जी विक्रेता रामप्रकाश और खुशीराम आसपास के गांवाें के रहने वाले हैं। वह जलालाबाद मंडी से सब्जी लाकर साप्ताहिक बाजार में बिक्री करते हैं। मंगलवार की सुबह दोनों रतनापुर गांव निवासी धर्मेंद्र और करमौली गांव के रामदास के साथ सब्जी लेने गए थे। वहां से सब्जी खरीदकर मैजिक लोडर में लोडकर घर की ओर चल दिए।
शाहजहांपुर-जलालाबाद हाईवे पर सुबह करीब दस बजे जश्नपुर गांव की पुलिया के पास अचानक वाहन का टायर फट गया। तेज रफ्तार गाड़ी पर चालक अचानक से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित मैजिक सड़क पर पलट गया। हादसे में मैजिक में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर इंस्पेक्टर राकेश मौर्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां उपचार के दौरान रामप्रकाश और खुशीराम ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।

अजय सिंह की  रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post