गोंडा जिले के पंडरी कृपाल क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 45 वर्षीय रिखीराम की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे रिखीराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल रिखीराम को तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि अभी तक घटना को लेकर कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment