जौनपुर में रफ्तार का कहर: ट्रक-ऑटो की भीषण भिड़ंत, 3 की मौके पर मौत, 3 जिंदगी के लिए जूझ रहे





जौनपुर सोमवार की सुबह जौनपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में जौनपुर–रायबरेली हाईवे पर सतहरिया पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरे ऑटो की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो मछलीशहर से मुंगराबादशाहपुर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 6 बजे जैसे ही वह सतहरिया पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे खाई में जा पलटा।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और चौकी इंचार्ज धनंजय राय ने टीम के साथ मिलकर घायलों को बाहर निकलवाया। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने छह में से तीन को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान:

प्रमोद कुमार मिश्र (53), निवासी सोहसा, मुंगराबादशाहपुर

 शिव शंकर शर्मा (53), निवासी धौरहरा

 बरसाती (42), निवासी गंगापुर, मछलीशहर

घायलों में शामिल:

• राकेश बिंद (32), निवासी नंदापुर

• प्रणव पांडेय (19), निवासी धौरहरा

• अजीत यादव (36), निवासी कटाहित खास

गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

ब्यूरो रिपोर्ट एम एस जाबिर

Post a Comment

Previous Post Next Post