पूर्व समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की 2.53 करोड़ की संपत्ति सीज




शाहजहांपुर। पूर्व समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार ने समाज कल्याण विभाग में भ्रष्टाकर कर अर्जित कमाई को कमिश्नरेट लखनऊ और शाहजहांपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 2.53 करोड़ रुपये की संपत्ति और वाहन को सीज/फ्रीज कर दिया है। कार्रवाई से आरोपी के अवैध संपत्ति के इस्तेमाल और बिक्री पर पूरी तरह रोक लग गई है। पुलिस के अनुसार, मऊ जनपद के थाना मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर कुड़वा निवासी राजेश कुमार पर वृद्धावस्था पेंशन योजना में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा कर सरकारी धन हड़पने का आरोप है। आरोपी ने गिरोह बनाकर करीब 2.52 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की और उससे अवैध संपत्ति अर्जित की। जिलाधिकारी शाहजहांपुर के आदेश के अनुपालन में 6 अप्रैल को की गई इस संयुक्त कार्रवाई में आरोपी की लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में स्थित मंगलम गेस्ट हाउस (पुराना पावर गेस्ट हाउस) सहित कुल 0.1848 हेक्टेयर भूमि को सीज किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.39 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के नाम पर पंजीकृत होंडा एलिवेट ZX कार (UP-32PW-8820), जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही गैंगस्टर एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना रामचंद्र मिशन शाहजहांपुर और थाना पारा, कमिश्नरेट लखनऊ की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post