गोंडा में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह, प्रशासन ने कहा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है ईंधन




संवाददाता: अंकित कुमार शर्मा

गोंडा ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव की खबरों के बीच गोंडा जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैलने लगी थीं। इन अफवाहों के कारण आम जनता में घबराहट देखी गई और कई लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन का भंडारण करने लगे।
हालांकि जिला प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। अधिकारियों के अनुसार गोंडा जिले में भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के डिपो में लगभग 11,800 किलोलीटर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
इंडियन ऑयल के सेल्स अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में प्रतिदिन 250 से 300 किलोलीटर ईंधन की मांग रहती है, लेकिन अफवाहों के कारण यह मांग बढ़कर 400 से 450 किलोलीटर तक पहुंच गई थी। इसके बावजूद सभी पेट्रोल पंपों को पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी कंवर दिनेश प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें। प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी ग्राहक को बोतल या डिब्बे में पेट्रोल या डीजल न दें, ताकि घबराहट में खरीदारी पर रोक लगाई जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ और अन्य स्थानों से हर तीसरे दिन ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे जिले में किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं बनेगी। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
 

Post a Comment

Previous Post Next Post