संवाददाता जावेद शेख
मुंबई के ऐतिहासिक इलाक़े मीनारा मस्जिद, मोहम्मद अली रोड, पायधुनी डिवीजन में रमज़ान शरीफ़ के दौरान बड़ी संख्या में रोज़ेदार, नमाज़ी और ख़रीदारी के लिए आने वाले लोगों की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में ट्रैफिक और क़ानून-व्यवस्था को संभालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।
इस वर्ष स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों ने ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर संतोष व्यक्त किया। क्षेत्र के नागरिकों ने ट्रैफिक डीसीपी प्रशांत परदेशी, एसीपी महेश तावड़े तथा पायधुनी डिवीजन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्तात्रेय खड़े का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
रहवासियों का कहना है कि इफ्तार और तरावीह के समय ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, डायवर्जन प्लान प्रभावी रहा और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष मार्ग सुनिश्चित किए गए। इससे आम जनता को काफी राहत मिली।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत रखी, जिससे लोगों ने बेफिक्र होकर खरीदारी की और धार्मिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया।पायधुनी डिवीजन के नागरिकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह पुलिस और जनता के सहयोग से रमज़ान सहित अन्य त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होंगे।
Post a Comment