एक घंटे में सुधरी खतौनी, फरियादी को मिला न्याय



संवाददाता ए के सिंह 

जौनपुर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की जनसुनवाई में गुरुवार को एक राजस्व प्रकरण का त्वरित निस्तारण कर प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। ग्राम हुसेपुर, तहसील सदर निवासी रामफेर प्रजापति पुत्र घुटई ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि पूर्व में उनका नाम खतौनी में दर्ज था, लेकिन परिवार के अन्य खातेदारों की मृत्यु के बाद वरासत दर्ज करते समय उनका नाम हटाकर राधेश्याम के उत्तराधिकारियों का नाम अंकित कर दिया गया। इस त्रुटि के कारण वे कई वर्षों से परेशान चल रहे थे।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तत्काल उपजिलाधिकारी सदर एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों को अभिलेखों की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी व निष्पक्ष हो तथा निर्धारित समयावधि में आख्या प्रस्तुत की जाए, ताकि पात्र व्यक्ति को न्याय मिल सके।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में राजस्व विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र एक घंटे के भीतर प्रकरण का निस्तारण कर दिया। खतौनी में रामफेर प्रजापति का नाम पुनः दर्ज कर जनसुनवाई कक्ष में ही उन्हें संशोधित खतौनी की प्रति उपलब्ध करा दी गई।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि राजस्व अभिलेखों में मामूली त्रुटि पाए जाने पर भी तत्काल संज्ञान लेकर उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए खतौनी प्राप्त कर फरियादी रामफेर ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन को धन्यवाद ।


Post a Comment

Previous Post Next Post