संवाददाता आर के सिंह
वाराणसी। जनपद के लंका थाना क्षेत्र स्थित रेनबो गेस्ट हाउस में संचालित अवैध देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त सूचना के आधार पर एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में SOG-2 टीम ने शुक्रवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। हेल्पलाइन पर सूचना मिली थी कि लंका क्षेत्र के रेनबो गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और कथित तौर पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान 3 महिलाओं समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुहम्मद जफर उर्फ राज उर्फ गुड्डू, राजू यादव, जितेंद्र कुमार, सुनील कुमार (ग्राहक) और अनिल पांडेय (भवन स्वामी) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दो दलाल, होटल संचालक, भवन स्वामी और एक ग्राहक को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। दो आरोपी आजमगढ़ जनपद के सराय मोहन क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। मौके से पुलिस ने 9 टच स्क्रीन मोबाइल, 3 कीपैड मोबाइल, पेटीएम और गूगल पे के क्यूआर कोड, एक पेटीएम पेमेंट मशीन, एक रजिस्टर, 4 प्रयुक्त व 21 अप्रयुक्त कंडोम तथा तलाशी के दौरान 10,070 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद डिजिटल भुगतान साधनों से अवैध लेनदेन के संकेत मिले हैं।थाना लंका पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment