मुंबई: लगभग 28 वर्षों की प्रतीक्षा और सात साल के निर्माण कार्य के बाद, बहुप्रतीक्षित विक्रोली ईस्ट-वेस्ट कनेक्टर पुल आखिरकार आज शाम 4 बजे से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इसकी घोषणा की।
पुल का मुख्य ढांचा 31 मई तक तैयार हो चुका था, लेकिन आधिकारिक उद्घाटन की घोषणा न होने के कारण स्थानीय नागरिकों में नाराज़गी और आंदोलन की स्थिति बनी हुई थी। एक मनपा अधिकारी ने बताया कि लेन मार्किंग, ट्रैफिक आइलैंड और सिग्नल जैसी अंतिम तैयारियों के बाद प्रशासन के आदेश का इंतजार किया जा रहा था।
हाल ही में हुए एयर इंडिया विमान दुर्घटना को देखते हुए प्रशासन ने औपचारिक उद्घाटन समारोह रद्द कर पुल को सीधे जनता के लिए खोलने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मानसून को देखते हुए और नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
विक्रोली ईस्ट-वेस्ट कनेक्टर की विशेषताएं:
यह पुल ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे (EEH) को विक्रोली में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग (LBS Marg) से जोड़ता है।
पुल की कुल लंबाई 615 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर है।
इसमें चार वाहन लेन और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ बनाए गए हैं।
565 मीटर का हिस्सा बीएमसी ने बनाया है और 50 मीटर का हिस्सा रेलवे ने।
यह देश का सबसे लंबा रेलवे ओवरब्रिज होगा जिसमें एक्टिव रेलवे ट्रैक्स के ऊपर ओपन-वेब गर्डर सिस्टम का उपयोग किया गया है।
पुल के खुलने से विक्रोली ईस्ट से वेस्ट की यात्रा अब 25–30 मिनट की बजाय सिर्फ 7 मिनट में पूरी की जा सकेगी, जिससे रोज़मर्रा के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्ष 1997 में इस परियोजना की परिकल्पना की गई थी लेकिन निर्माण कार्य 2018 में शुरू हुआ। शुरुआत में इसकी लागत ₹70 करोड़ अनुमानित थी, जो अब बढ़कर ₹180 करोड़ तक पहुंच चुकी है।
Post a Comment