मुंबई: अंधेरी इलाके में एक बुजुर्ग की दो तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हुए तीन चोरों को अंधेरी पुलिस की अपराध शाखा ने मुंब्रा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
यह घटना 5 मई की रात 11:15 बजे हुई, जब शिकायतकर्ता शंकर जोशी अंधेरी स्थित विजयनगर सोसायटी के सामने फुटपाथ से गुजर रहे थे। तभी एक युवक ने उन्हें जानबूझकर धक्का दिया और उसके तीन साथियों ने उन्हें मारपीट कर गले से करीब 2 लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली। इस घटना के बाद अंधेरी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस उपनिरीक्षक परकाळे और सुपे के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी नहीं था, लेकिन पुलिस ने चोरों के भागने के मार्ग पर लगे 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी वाकोला जंक्शन से एक निजी टैक्सी में सवार हुए थे। तकनीकी जांच और टैक्सी सेवा कंपनियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उनके मुंब्रा में छिपे होने का पता लगाया।
मुंब्रा की भीड़भाड़ और झोपड़पट्टियों में छिपे आरोपियों को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था। लेकिन स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी जानकारी की मदद से पुलिस ने मुंब्रा में जाल बिछाकर एक आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम बताए, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम वसीम नूर मोहम्मद शेख (30), शहीद फरुख शेख (20), और तौफिक रियाज अहमद इदरीशी (21) हैं। पुलिस ने इनके पास से डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन बरामद कर ली है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त सचिन गुंजाळ, सहायक पुलिस आयुक्त शशिकांत भोसले और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश भामे के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक विनोद पाटील की देखरेख में अंधेरी पुलिस की अपराध शाखा ने अंजाम दी।
Post a Comment