शिवड़ी में पैसों के विवाद ने ली युवक की जान, स्क्रूड्राइवर से हमला कर हत्या




मुंबई:एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार; शिवड़ी पुलिस की तलाश जारी
 दक्षिण मुंबई के शिवड़ी इलाके में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस मामले में शिवड़ी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 मई 2026 की तड़के करीब 2.30 से 2.50 बजे के बीच मिनर्वा कंपाउंड, मोहन कोली की टपरी के सामने, रामगढ़, शिवड़ी में हुई। उस समय फरियादी, मृतक और आरोपी एक साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान आरोपी जसीम सय्यद और समीर नासिर शेख के बीच उधार दिए गए पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान जसीम सय्यद ने अपनी स्कूटी में रखा स्क्रूड्राइवर निकाला और समीर नासिर शेख की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल समीर को तुरंत इलाज के लिए केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद शिवड़ी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 238/26 के तहत धारा 103 (1), 3 (5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में किसन जयदीप पांडे उर्फ दुबे (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आरोपी रिजवान समीर शेख और मुख्य आरोपी जसीम सय्यद फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
यह पूरी कार्रवाई पोर्ट ज़ोन के डीसीपी विजयकांत सागर, एसीपी कोळेकर तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रोहित खोठ के मार्गदर्शन में की गई।
मामले की जांच पुलिस निरीक्षक मनोहरे, एपीआई खुले, हवालदार कदम, साटम, मालवदे तथा पुलिस कॉन्स्टेबल राठोड, साथलकर और बडे की टीम द्वारा की जा रही है।

 संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post