संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़ लालगंज थाना देवगांव क्षेत्र में निर्धारित समय के बाद सरकारी शराब ठेका संचालित किए जाने की शिकायत पर पुलिस एवं आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ठेका संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 24 मई 2026 को थाना देवगांव क्षेत्र के रेतवा चंद्रभानपुर स्थित सरकारी शराब ठेका निर्धारित समय सीमा के बाद संचालित होने की शिकायत ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी लालगंज श्री भूपेश पाण्डेय एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच की।
जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित शराब ठेका संचालक के विरुद्ध ₹77,500 का चालान किया गया तथा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है तो लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन ने जनपद के समस्त देशी एवं अंग्रेजी शराब ठेका संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों और समय सीमा का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। यदि निर्धारित समय के बाद शराब बिक्री, अवैध संचालन या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निरस्तीकरण, आर्थिक दंड और अभियोग पंजीकरण भी शामिल हो सकता है।
पुलिस एवं आबकारी विभाग ने यह भी कहा कि जनपद में लगातार प्रभावी चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
Post a Comment