संवाददाता सलीम शेख
आजमगढ़। जनपद के थाना महराजगंज क्षेत्र में महिला गैंग द्वारा चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सरैया बाजार में महिला गैंग द्वारा एक महिला के पर्स से मंगलसूत्र और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने पांच अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 23 मई 2026 को वादिनी श्रीमती चन्द्रमती पत्नी रामप्रीत राम, निवासी मड़छा हरिबल्लभ थाना महराजगंज ने थाना स्थानीय पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ महिलाओं ने उनके पर्स से मंगलसूत्र एवं ₹5000 की नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना महराजगंज पर मुकदमा संख्या 112/26 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार (IPS) के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरैया बाजार से पांचों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं में राजकुमारी, उर्मिला, गीता उर्फ चन्दा, सोनम उर्फ रानू एवं संध्या शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गया मंगलसूत्र तथा कुल ₹5000 की नकदी भी बरामद की।
बरामदगी के दौरान राजकुमारी के पास से मंगलसूत्र व ₹700, उर्मिला के पास से ₹900, गीता उर्फ चन्दा से ₹1100, सोनम उर्फ रानू से ₹1000 तथा संध्या से ₹1300 बरामद किए गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्ता राजकुमारी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा अभियुक्ताओं के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफलता के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा तेज हो गई है।
Post a Comment