यातायात पुलिस का डग्गामार वाहनों पर शिकंजा, 18 चार पहिया वाहन सीज




संवाददाता जाबिर शेख 

आजमगढ़, 24 मई 2026। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं जनपदीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 डग्गामार चार पहिया वाहनों को सीज किया गया। यह विशेष औचक चेकिंग अभियान क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बिना परमिट संचालित होने वाले, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले, नियम विरुद्ध यात्रियों को ढोने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 18 डग्गामार चार पहिया वाहनों को पकड़कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के उपरांत सभी सीज किए गए वाहनों को थाना कोतवाली एवं थाना कन्धरापुर परिसर में निरुद्ध कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों एवं संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना परमिट वाहन संचालन, ओवरलोडिंग तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात विभाग ने आम नागरिकों से सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post